CG NEWS: खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से धान खरीदी का महाअभियान शुरू हो चुका है। अब तक महज तीन दिन में राज्य में 3 लाख टन से अधिक धान समर्थन मूल्य पर खरीदी जा चुकी है। मंत्री बघेल ने बताया कि धान खरीदी राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के 2739 उपार्जन केन्द्रों पर किसानों से धान खरीदी जा रही है। चालू विपणन वर्ष में 160 लाख टन धान की खरीदी का अनुमान है।
14 नवंबर से शुरू हुए धान खरीदी महापर्व के 6वें दिन तक 3.09 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी जा चुकी है, और अब तक 68,668 किसान धान बेच चुके हैं। किसानों को बैंक लिंकिंग के तहत 502.53 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक जारी रहेगा। मंत्री बघेल ने बताया कि प्रदेश में 27.68 लाख किसानों का पंजीयन हुआ है, जिसमें 1.42 लाख नए किसान शामिल हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किसानों के हित में उपार्जन केन्द्रों के माइक्रो एटीएम से 2,000 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक की राशि निकालने की सुविधा दी है, जिससे किसानों को परिवहन और मजदूरी के भुगतान में सुविधा होगी। इसके अलावा, धान के अवैध आवक और परिवहन को रोकने के लिए बॉर्डर इलाकों में विशेष चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं और धान खरीदी की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों की टीम बनाई गई है।