CG NEWS : धमतरी जिले में रबी के मौसम के दौरान किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण बयान सामने आया है। कलेक्टर ने कहा है कि रबी के फसल में धान की खेती न की जाए, बल्कि इसके स्थान पर दलहन और तिलहन की खेती पर जोर दिया जाए। इसका मुख्य कारण यह है कि रबी के दौरान धान की फसल में पानी की खपत अधिक होती है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है।
खरीब की फसल के बाद किसान रबी के लिए तैयारियां शुरू कर देते हैं, लेकिन जब पानी की कमी होती है तो धान की फसल बर्बाद हो जाती है। कई किसान कर्ज लेकर धान की खेती करते हैं, लेकिन पानी की कमी के कारण फसल नष्ट होने से वे कर्ज के बोझ में दब जाते हैं।
इसके साथ ही जल स्तर भी काफी नीचे चला जाता है, जिससे किसान अधिक परेशानी का सामना करते हैं। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे रबी में धान की बजाय दलहन और तिलहन की खेती पर ध्यान दें। कलेक्टर के निर्देशों के तहत शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को इस बदलाव के फायदे समझाए जा सकें।
पिछले साल रबी फसल के लिए दो करोड़ रुपये का ऋण दिया गया था, जबकि इस बार छः करोड़ रुपये का ऋण दिया जा चुका है। अब देखना यह होगा कि कलेक्टर की इस सलाह को किसान कितना अपनाते हैं और रबी के मौसम में दलहन और तिलहन की खेती को प्राथमिकता देते हैं या नहीं।