CG NEWS: राजनांदगांव जिले में मंगलवार को 13 सदस्यीय जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित प्रत्याशियों ने दोनों ही पदों पर जीत हासिल की।
जिला पंचायत के 13 सदस्यों में से 10 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई थी, जबकि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, कांग्रेस के तीन बागी प्रत्याशी भी चुनाव जीतकर आए थे, जिन्होंने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव निर्विरोध नहीं होने दिया।
कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष पद के लिए विभा साहू और उपाध्यक्ष पद के लिए महेंद्र यादव ने नामांकन दाखिल किया, जबकि भाजपा से किरण वैष्णव (अध्यक्ष पद) और किरण साहू (उपाध्यक्ष पद) प्रत्याशी बने। चुनावी मुकाबले में किरण वैष्णव को 10 मत मिले, जबकि विभा साहू को 3 मत प्राप्त हुए। इसी तरह, उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की किरण साहू को 10 मत और कांग्रेस के महेंद्र यादव को 3 मत मिले।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष किरण वैष्णव ने दिया बयान
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि वे सबको साथ लेकर जिले के विकास के लिए काम करेंगी। उन्होंने भाजपा समर्थकों और मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि उनकी प्राथमिकता जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना होगी।