CG NEWS : कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने मनाया उल्लास, चॉकलेट और मिठाइयों से भरा पंडाल

CG NEWS : नगर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्री कृष्ण का जन्म उत्सव अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। कथा के दौरान भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव की झांकी निकलते ही श्रद्धालु खुशी से झूम उठे और पुष्प वर्षा की। समूचा कथा स्थल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। बुधवार को कथा सुनाते हुए सलिल कृष्ण महाराज ने कहा कि व्यक्ति को अहंकार से बचना चाहिए, क्योंकि अहंकार बुद्धि और ज्ञान को नष्ट कर देता है। उन्होंने यह भी कहा कि अहंकार ही मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है।

कथा व्यास सलिल कृष्ण महाराज ने आगे बताया कि जब अत्याचारी कंस के पापों के कारण पृथ्वी हिलने लगी, तब भगवान श्री कृष्ण को अवतरित होना पड़ा। सलिल महाराज ने कहा कि जब-जब धरती पर धर्म की हानि होती है, तब भगवान धरती पर अवतरित होते हैं। कथा के दौरान जैसे ही भगवान कृष्ण का जन्म हुआ, पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। श्री कृष्ण जन्म उत्सव पर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” गीत से श्रोता झूम उठे।

श्रद्धालुओं ने पंडाल पर चॉकलेट और मिठाइयां वितरित की। इस भव्य कथा महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भजन और गीत के साथ श्री कृष्ण के जन्म की खुशियां मनाईं। कथा वाचक सलिल कृष्ण महाराज ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का रसपान हर व्यक्ति को करना चाहिए। नगर पंचायत परिसर सरिया में आयोजित इस भव्य पंडाल में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र और सरहदी प्रांत उड़ीसा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और कथा का रसपान किया।

Leave a Comment