CG WEATHER UPDATE : छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में आज बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, उत्तरी क्षेत्रों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, जबकि न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी कि उत्तर भारत में समुद्र तल से लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 120 नॉटिकल मील प्रति घंटे की गति से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। साथ ही, पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर स्थित है। इस प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम एक्सपर्ट्स के अनुसार, आगामी दो दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद मौसम शुष्क हो सकता है, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी और ठंड बढ़ेगी। हालांकि, अंबिकापुर में हाल के दिनों की तुलना में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है।
मौसम विभाग का अलर्ट है कि 8 दिसंबर को रायपुर में सामान्य बादल और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में वज्रपात होने की संभावना भी जताई गई है। इसके बाद मौसम शुष्क रहने की संभावना है।