Janjgir Champa News: जांजगीर-चांपा कृषि विज्ञान केन्द्र जांजगीर में बी.ई.ई. एवं क्रेडा के सहयोग से ऊर्जा एवं जल संरक्षण पर एक अर्द्ध दिवसीय कार्यशाला सह कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में क्रेडा जिला प्रभारी ने कृषि कार्यों में ऊर्जा और जल संरक्षण के महत्व को बताते हुए क्रेडा द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
साथ ही, उन्होंने कृषि कार्यों में जल के महत्व, जल संरक्षण विधियों और कम रासायनिक खाद का उपयोग कर जैविक खेती के लाभों पर चर्चा की। कार्यशाला में वर्षा जल संचयन, पी.एम. सूर्य घर मुक्त बिजली योजना, ऊर्जा बचत के उपायों और साग-सब्जी एवं तिलहन जैसे नगदी फसलों के उत्पादन से अधिक लाभ अर्जित करने के तरीकों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, जांजगीर को सौर सुजला योजना के तहत 150 लक्ष्य के लिए आवेदन की प्रक्रिया और कृषि विभाग के माध्यम से इसे लागू करने की जानकारी भी साझा की गई।
कार्याशाला में कृषकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर प्रदान किए गए। इस अवसर पर सोलर पॉवर प्लांट और पंप के विभिन्न कम्पोनेंट्स जैसे ईन्वर्टर, पंप, मोटर, कंट्रोलर, पैनल और स्टार रेटेड उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा, क्रेडा सौर समाधान ऐप के उपयोग के बारे में कृषकों और आगंतुकों को जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम में क्रेडा जिला प्रभारी राम सनेही कश्यप, कृषि विज्ञान केन्द्र जांजगीर के प्रमुख एस. के. सूर्यावंशी, कृषि महाविद्यालय के डीन डॉ. मनीष कुमार, सी.एस.पी.डी.सी.एल. के अभियंता महेश जयसवाल, कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ. रंजित मोदी, कार्यपालन अभियंता जे.आर. साण्डे, क्रेडा जोनल कार्यालय रायगढ के अधिकारी, और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।