RAIPUR NEWS: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 6 जनवरी को सिखों के 10वें गुरू और खालसा पंथ के संस्थापक गुरू गोविन्द सिंह जी की जयंती के अवसर पर सिख समाज सहित सभी प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि गुरू गोविन्द सिंह जी के अद्वितीय योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके द्वारा दिखाए गए साहस, संघर्ष और आत्मबलिदान के उदाहरण हम सभी को प्रेरित करते हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से गुरू गोविन्द सिंह जी के आदर्शों को अपनाने और समाज में भाईचारे और सद्भावना को बढ़ावा देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि गुरु गोविंद सिंह जी न केवल एक महान आध्यात्मिक गुरु थे, बल्कि एक निडर योद्धा भी थे। उनके जीवन से हमें प्रेम, एकता और भाईचारे का महत्वपूर्ण संदेश मिला। उन्होंने अपने अनुयायियों को हमेशा सच्चाई के मार्ग पर चलने, दूसरों की मदद करने और समाज में शांति बनाए रखने की शिक्षा दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि यदि हम गुरु गोविंद सिंह जी के दिखाए गए रास्ते पर चलें, तो हम न केवल अपने देश और समाज की उन्नति में योगदान कर सकते हैं, बल्कि एक बेहतर और समृद्ध भविष्य की दिशा में भी कदम बढ़ा सकते हैं।